श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Wednesday, September 17, 2008

लता/80 स्‍वर उत्‍सव--चौथी कड़ी---ना जिया लागे ना, सलिल चौधरी का संगीत । एक गाने के दो रूप

लता/80 स्‍वर-उत्‍सव में कल आपने मदनमोहन के संगीत का आनंद लिया ।
आज हम आपको ले चल रहे हैं संगीतकार सलिल चौधरी के उस रचना-संसार में जहां लता मंगेशकर की स्‍वरल‍हरियां अपना तिलस्‍म रचती हैं ।

लता जी का सलिल चौधरी से विशेष अनुराग रहा है और सलिल दा ने लता जी के लिए हमेशा बेहद अनूठे और प्रायोगिक गीत तैयार किये हैं ।
क्‍या हम भूल सकते हैं परख फिल्‍म का गीत--ओ सजना बरखा बहार आई या फिर मचलती आरजू खड़ी बाहें पसारे ।
मधुमति का आ जा रे परदेसी या फिर चढ़ गये पापी बिछुआ । लता और सलिल चौधरी के सुंदर संयोजन की फेहरिस्‍त काफी लंबी है । पर श्रोता-बिरादरी के रसिक श्रोताओं के लिए आज सलिल चौधरी के रचना संसार से एक ऐसा गीत जिसके दो रूप हैं ।
सलिल दा के बारे में ये तो आप जानते ही होंगे कि उन्‍होंने दुनिया भर के संगीत को अपनाया था । कभी किसी रूसी लोकगीत की धुन को अपने गाने में उतार दिया तो कभी किसी बांगला बाउल गीत को गाने की धुन बना लिया । कभी किसी विदेश सेना की मार्चपास्‍ट धुन बन गयी--जिंदगी कैसी पहेली हाय ।
कई बार तो ऐसा भी होता रहा कि सलिल दा धुन पर अपने डमी शब्‍द भी लिख देते थे । और गीतकार उन्‍हीं डमी शब्‍दों को आगे बढ़ा लेते थे ।
ऐसे अनगिनत गाने हैं जिन्‍हें सलिल दा ने बांगला और हिंदी दोनों में तैयार किया है । और इन्‍हीं गानों की फेहरस्ति में शामिल है ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्‍म आनंद का गीत । हिंदी में इसके बोल हैं--ना जिया लागे ना । और बांगला में हैं--ना मोनो लगो ना ।
आज श्रोता बिरादरी पर हम चाहते हैं कि आप इस गाने के दोनों रूपों का लुत्‍फ उठायें और ध्‍यान दें कि इस गाने में एक पाश्‍चात्‍य मिज़ाज है तो दूसरी तरफ कैसे छिपी हुई भारतीयता है । कैसे इस गाने में लता जी के नीचे स्‍वर भी हैं और जब वो अपनी आवाज़ को उठाती हैं तो जैसे धरती और आकाश मिलते हुए नजर आते हैं ।

ये रहा इस गाने का बांग्‍ला संस्‍करण


 और ये रहा इस गाने का हिंदी संस्‍करण जो फिल्‍म आनंद में था ।


ये रहे इस गाने के बोल।




हिन्दी
ना जिया लागे ना
तेरा बिना मेरा कहीं जिया लागे ना ।
जीना भूले थे कहां याद नहीं
तुझको पाया है जहां सांस फिर आई वहींजिंदगी तेरे सिवा हाय भाए ना ।
ना जिया लागे ना ।।

तुम अगर जाओ कभी जाओ कहीं
वक्‍त से कहना ज़रा वो ठहर जाए कहीं
वो घड़ी वहीं रहे, ना जाये ना
ना जिया लागे ना ।।


বাংগ্লা/ बांग्ला
ना मोनो लागे ना
ए जिबोने किछु जेनो भालो लागे ना
ना मोनो लागे ना
ई नोदिर दुई किनारे दुई तोरोनी
जोतोई नाबाइ नोंगोर बाधा काछे जेते ताई पारिनी
तुमी ओ पार थेके हाय सोरोनी ना
मोनो लागे ना

ना मोनो लागे ना
छोके छोके छेये कान्दा भालो लागे ना

आमी जे क्लांतो आजी शोक्ती उधाओ
कि होबे आर मिची मिची बेये बेये एइ मिछे ना
तुमीओ
तुमीओ ओपार थेके जाओ छोले जाओ ना
मानो लागे ना





लता/80 स्‍वर उत्‍सव में कल के संगीतकार होंगे श्‍याम सुंदर
जारी है स्‍वर उत्‍सव ।

Sunday, September 7, 2008

आशाजी आपको क्या कहें - स्वर-किन्नरी या एक मीठा शर्बत ?


पिचहत्तर की पायदान आकर उस स्वर का मीठापन जस का तस है. क्या कहें उन्हें स्वर-किन्नरी या मीठा शर्बत.जीवन के तमाम संघर्ष,प्रतिस्पर्धा और बेकसी को धता बतातीं आशा भोंसले ने भरपूर जीवन जिया है. उनके स्वर यात्रा को देखें तो उसमें कभी किसी क़िस्म का नैराश्य नज़र नहीं आता. वे अपने नाम के अनुरूप आशा जगाती एक रोशन मुस्तक़बिल गढ़तीं नज़र आतीं है. उनके तमाम गीतों को सुनें और गुनें तो तसदीक होती है इस बात की किसिम किसिम की कविता और धुन को आवाज़ देने वाली पिचहत्तर बरस की आशा भोंसले में एक मासूम सी बच्ची हमेशा ज़िन्दा रही है.

आशाजी के स्वर-वैभव को रेखांकित करते हुए बहुत लम्बा लिखा जा सकता है लेकिन श्रोता-बिरादरी की रिवायत के मुताबिक कलाकार के गीत को सुनकर ही हम अपने मन की व्याख्या को गढ़े तो बेहतर.

आज सुना जा रहा गीत फ़िल्म जागते रहो का है.गीतकार हैं शैलेंन्द्र और संगीतकार सिरजा है सलिल चौधरी ने.सिचुएशन वही साहेब बीवी और ग़ुलाम वाली है. शराबी पति अंतराल के बाद घर लौटे हैं और पत्नी उन्हें बहलाने के लिये उन्हीं की फ़रमाइश पर एक गीत गाने के लिये विवश हैं.शैलेंद्र ने नारी के दर्द को हमेशा अपने क़लम से एक बेजोड़ अंदाज़ में रचा है और गाते वक़्त तो आशाजी एक तपस्विनी गृहिणी बन कर उभरीं हैं.साज़ों का बेजा इस्तेमाल सलिल चौधरी के घराने में वर्जित है.बास गिटार के साथ वॉयलिन,बाँसुरी,सारंगी,साइड रिद्म में स्टिक और सुरीला मंजीरा कैसा सात्विक मंज़र रच रहा है.

गाने की शुरूआत आशा के आलाप से होती है और फिर वायलिन की विकल स्‍वरलहरी पर सवार गाना सीधे आपके कलेजे पर असर करता है । आमतौर पर बहुत ही 'लाउड' गीतों से पहचानी जाने वाली आशा के कंठ की कोमलता इस तरह के गानों में खूब उभरती है । आशा जी ने अपने कंठ से‍ जितने प्रयोग किये हैं वो अन्‍यत्र दुर्लभ हैं । यक़ीन मानिए उतने प्रयोग लता जी ने भी नहीं किये । इस गाने की रफ्तार मद्धम है और भावों का प्रवाह सघन । ये रहे इस गाने के बोल

ठंडी ठंडी सावन की फुहार
पिया आज खिड़की खुली मत छोड़ो
आवे झोंके से पगली बयार
पिया आज बाती जली मत छोड़ो
पिया आज खिड़की ।।

दिये की ज्‍योति अंखियों में लागे
पलकों पे निंदिया सवार
पिया आज बाती जली मत छोड़ो
पिया आज खिड़की ।।

पपीहे ने मत की अग्नि बुझा दी
प्‍यासा रहा मेरा प्‍यार
पिया आज बाती जली मत छोड़ो
ठंडी ठंडी ।।

इतना जबर्दस्‍त एक्‍सेप्रसिव और इतना छोटा गाना है ये । कुल तीन मिनिट पैंतालीस सेकेन्‍ड का ।
बाती सी काँपती आशाजी आवाज़ दिल पिघला देती है.यहाँ मुखड़े में ठंडी ठंडी सावन की फ़ुहार में सिर्फ़ की पर ग़ौर करियेगा,एक की शब्द पर ठहर कर ठंड को आशाजी ने जो एक अतिरिक्त एक्स्प्रेशन दिया है बस वही इस सर्वकालिक महान गायिका की ताक़त है. सलिल दा ने तो धुन सुना दी होगी,शैलेंद्रजी ने गीत के शब्द दे दिये होंगे लेकिन ये जो अतिरिक्त खेल आशाजी ने किया है उसे सुनकर तो धूनी रमाता जोगी भी उठकर संसार में लौट आए.भारतीय नारी की अस्मिता,उसके समर्पण भाव और अपने घर-संसार के प्रति उसकी प्रतिबध्दता को जी गईं हैं आशा भोंसले.हमारे घर-आंगन की बहू बेटियों का अखंड स्वर हैं आशाजी.वह इस गीत में हाड़-मांस की आशा से ऊपर उठकर विरह की देह बन गईं हैं और शैलेंद्र और सलिल चौधरी के हाथ थामकर हमारे दर पर आ खड़ी हुईं हैं.

चलते चलते दो बातें
शंभु मित्रा और अमित मित्रा ने फिल्‍म 'जागते रहो' की पटकथा लिखने के साथ साथ इसका निर्देशन भी किया था ।
भारत की सार्थक-फिल्‍मों में सरताज माने जाने वाली इस फिल्‍म के संवाद थे ख्‍वाजा अहमद अब्‍बास के और छायांकन राधू करमाकर का था । सन 1957 में इस फिल्‍म को कार्लोवी वेरी अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍म समारोह में ग्रां प्री से सम्‍मानित किया गया था ।


दूसरी बात ये कि इस हफ्ते संगीतकार सलिल चौधरी और गुलाम हैदर दोनों की पुण्‍यतिथि थी । श्रोता-बिरादरी दोनों को नमन कर रही है । गुलाम हैदर के बारे में फिर कभी तफ्सील से बातें करेंगे ।