श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Tuesday, September 23, 2008

लता/80 स्‍वर उत्‍सव दसवीं कड़ी--अगर मैं पूछूं जवाब दोगे--जी.एस.कोहली का गाना ।

लता/80 स्‍वर उत्‍सव पूरे जोशो खरोश के साथ जारी है । पिछले दिनों हमने आपसे वादा किया था कि एक कम चर्चित संगीतकार और लता ही के साथ की बातें की जायेंगी । लेकिन फिर हम मुड़ गए थे संगीतकार रवि की ओर ।
आज हम पुन: उस भूले-बिसरे सूत्र को पकड़कर लता/80 स्‍वर उत्‍सव को आगे बढ़ा रहे हैं । लता जी ने कई ऐसे संगीतकारों के साथ काम किया है, जिनका फिल्‍मी दुनिया में उतना नाम नहीं हुआ जिसके वो हक़दार थे । और दिलचस्‍प बात ये है कि लता जी के कुछ बेमिसाल गाने ऐसे संगीतकारों ने दिये हैं ।
आज हम जिस संगीतकार के साथ लता जी का एक दो-गाना लेकर आए हैं, lata-mangeshkar-mohd-rafi उसके बारे में हमें खुद ज्‍यादा जानकारी नहीं है । अगर श्रोता बिरादारी के चाहने वालों को उनके बारे में ज्‍यादा पता है तो ज़रा हमें रोशनी दिखाईयेगा । इनका नाम है जी.एस.कोहली । कोहली साहब की सबसे बड़ी फिल्‍म मानी जाती है 'शिकारी' । जो सन 1963 में आई थी । इसके अलावा उनकी मशहूर फिल्‍में हैं-'नमस्‍ते जी' जो सन 1965 में आई थी । इसके अलावा कुछ और फिल्‍में हैं पर उनका ज़रा भी नाम नहीं हुआ ।
बहरहाल । फिल्‍म शिकारी का ये गाना हमने क्‍यों चुना । ये सबसे बड़ा सवाल है । दरअसल ये एक बहुत ही नशीला युगल गीत है । रफी साहब और लता जी दोनों की आवाज़ में एक प्रेमिल-मादकता है । जब लता जी 'ज़रा-ज़रा है' को जिस तरह लहराकर गाती हैं तो दिल अश अश कर उठता है । और फिर उसके बाद उनका आलाप । उफ़ ।
गाने का संगीत संयोजन कमाल है । अदभुत है । ज़रा वाद्यों के इस्‍तेमाल पर ग़ौर कीजिए । सेक्‍सोफोन, बांसुरी, सितार, ग्रुप वायलिन । इन सबका ऐसा इस्‍तेमाल जो हम पर एक नशा तारी कर देता है । फिल्‍म संगीत के सबसे नशीले गानों में हम इसकी गितनी करते हैं  । तो चलिए इस गाने में डूब जाएं, ये तीन मिनिट दस सेकेन्‍ड का तिलस्‍म है । एक बार गाना शुरू किया तो आप इससे बाहर नहीं आ पायेंगे ।
लता जी को सलाम और उससे भी ज्‍यादा सलाम जी.एस.कोहली को ।

गाने के बोल--
अगर मैं पूछूं जवाब दोगे
दिल क्‍यों मेरा तड़प रहा है
तेरे भी दिल में है प्‍यार कुछ कुछ
मेरे भी दिल में ज़रा ज़रा है ।।
बुरा ना मानो तो अपने हाथों
ये बिखरी जुल्‍फें संवार दूं मैं
हसीन पलकों की छांव में अब
ये सारा जीवन गुजार दूं मैं
ये दिल की बातें कोई ना सुन लो
सनम जमाना बड़ा बुरा है । अगर मैं पूछूं ।।
नजर बचाके अगर मैं जानूं
तो मेरा दामन ना थाम लेना
कोई जो पूछे ये क्‍या हुआ है
कभी भी मेरा ना नाम लेना ।
लगा कि दिल से रखेंगे हम तो
ये दर्द तेरा दिया हुआ है ।। अगर मैं पूछूं
ये ठंडी ठंडी मचलती लहरें
हमारे दिल को जला ना जाएं
उठे हैं तूफां दिलो नज़र में
किसे बचाएं किसे संभालें
ना चैन तुमको ना होश तुमको
ये क्‍या हुआ है ये क्‍या हुआ है । अगर मैं पूछूं ।।



लता/80 स्‍वर उत्‍सव जारी है ।
कल एक और संगीतकार की चर्चा होगी ।