श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Sunday, October 5, 2008

इसे कहते हैं कविता और सुरों का लालित्‍य-- श्‍यामल श्‍यामल बरन कोमल कोमल चरण-

पिछले शनिवार को पार्श्‍व-गायक महेंद्र कपूर ने इस संसार को अलविदा कह दिया । महेंद्र कपूर एक विविध रंगी गायक थे । ये अलग बात है कि उनके करियर के दूसरे हिस्‍से में उन्‍हें केवल देशभक्ति गीतों का गायक मान लिया गया था । अगर आप सिने-संगीत के क़द्रदान हैं और ध्‍यान से संगीत सागर में डुबकी लगाते आए हैं तो आपको भली-भांति पता होगा कि महेंद्र कपूर केवल देशभक्ति गीतों का स्‍वर नहीं थे । उनके कुछ फुसफसाते बेहद धीमे स्‍वर वाले गीत बड़े ही अनमोल रहे हैं । आप आये तो ख्‍याले दिले नाशाद आया, दिल के भूले हुए ज़ख्‍मों का पता याद आया । जैसा गाना इसी की मिसाल है ।

महेंद्र कपूर ने सन 57 में मुंबई में मेट्रो मरफी प्रतियोगिता में हिस्‍सा क्‍या लिया, वो इस प्रतियोगिता के निर्णायकों की नज़र में 'चढ़' गए । प्रतियोगिता में ये पहले से तय था कि विजेता गायक गायिका को निर्णायक अपनी फिल्‍मों में गायन का मौक़ा देंगे । निर्णायकों के नाम तो देखिए--नौशाद, वसंत देसाई, सी रामचंद्र और रवि । नौशाद ने महेंद्र कपूर से सोहनी महिवाल में गवाया । तो अण्‍णा यानी सी. रामचंद्र ने गवाया नवरंग में । 

                       Lp-Navrang

'नवरंग' पेशकश थी राजकमल कला मंदिर की । इस फिल्‍म का संगीत भी इसकी अनगिनत खासियतों में से एक था । नवरंग का संगीत हमें दिखाता है कि कलात्‍मकता किसे कहते हैं । गीतों का लालित्‍य क्‍या होता है । शुद्ध हिंदी शब्‍दों से रस-भीनी कविता को जब स्‍वर दिया जाता है तो उसका प्रभाव कितना दूरगामी और कितना सुरीला होता है । यही कारण है कि आज श्रोता बिरादरी महेंद्र कपूर को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए आपके लिए प्रस्‍तुत कर रही है ये गीत । जिसे भरत व्‍यास ने लिखा । सी रामचंद्र की धुन और आवाज महेंद्र कपूर की  । इसके बोले सुनिए और गायकी पर ध्‍यान दीजिये ।

खासतौर पर वाद्य संयोजन देखिए । आपको बाकायदा पश्चिमी जैज़ वाद्य सुनाई देंगे ठेठ ग्रामीण वाद्यों के साथ । रविवार की इस सुबह इस गाने को धीरे धीरे अपने भीतर उतरने दीजिये और फिर हमें बताईये आप पर इसका क्‍या असर हुआ ।

 

श्‍यामल श्‍यामल बरन कोमल कोमल चरण
तेरे मुखड़े पे चंदा गगन का जड़ा
बड़े मन से विधाता ने तुझको गढ़ा ।।

तेरे बालों में सिमटी सावन की घटा
तेरे गालों में छिटकी पूनम की छटा,
तीखे तीखे नयन मीठे मीठे बयन
तेरे अंगों पे चंपा का रंग चढ़ा
बड़े मन से विधाता ने तुझको गढ़ा ।।

ये उमर ये कमर सौ सौ बल खा रही
तेरी तिरछी नजर तीर बरसा रही
नाजुक नाजुक बदन धीमे धीमे चलन
तेरी बांकी लचक में है जादू बड़ा
बड़े मन से विधाता ने तुझको गढ़ा ।।

किस पारस से सोना ये टकरा गया
तुझे रचके चितेरा भी चकरा गया
ना इधर जा सका, ना उधर जा सका,
देखता रह गया वो खड़ा ही खड़ा
बड़े मन से विधाता ने तुझको गढ़ा ।।