श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Wednesday, August 3, 2011

आज पण्डित किसोरदास खण्डवावासी का जन्मदिन है !

किशोर कुमार के बारे में जितनी बात की जाए कम है.वे हँसी और ख़ुशी को विस्तार देने वाले ऐसे सजग कलाकार हैं जिसने ख़ुद अपनी अदाकारी और गायकी का शास्त्र गढ़ा. वे ज़िन्दादिली का पर्याय थे लेकिन कुछ मार्मिक अवसरों पर अपने अभिनय और गायन से रुला देने का हुनर भी रखते थे.

गायक,अभिनेता, निर्माता,संगीतकार के अलावा एक कवि भी था जो किशोर दा में छुपा हुआ था और कुछ कम ही प्रकट हो पाया. कहते हैं दूर गगन की छाँव में फ़िल्म के नग़मे उन्होंने ही लिखे. ज़िन्दादिली उनमें कूट कूट कर भरी थी. एक बार फ़िल्म स्तंभकार और लेखक जयप्रकाश चौकसे ने किशोर दा से पूछा कि फ़िल्म उद्योग उन्हें कंजूस मानता है,क्यों ? किशोर दा ठहाका लगाते हुए बोले क्या कोई कंजूस चार शादियाँ करता है. किशोर कुमार ने चौकसे जी को वह कक्ष दिखाया जिस
में वीडियो कैसेट्स भरीं पड़ीं थी और ये सारी फ़िल्में हॉरर

थीं जो उन्होंने ख़ास तौर पर विदेश से मंगवाईं थीं.कमरे में एक पलंग पर लेट कर किशोर दा इन फ़िल्मों का रसपान करते.ये तब की बात है जब ओरिजनल वीडियो कैसेट्स बहुत महंगे थे.किशोर दा ने चौकसेजी से उन सैकड़ों कैसेट्स को दिखाते हुए पूछा क्या कंजूस आदमी इस तरह ख़र्च करता है. यह चौंकाने वाला सत्य है कि मनमौजी किशोरकुमार को डरावनीं फ़िल्में पसंद थीं.वे कहते थे कि इन फ़िल्मों में भावना का विवेचन बहुत अच्छे ढंग से होता है और तर्कहीनता के कारण डर में से हास्य रस उपजता है. इस तरह की विरोधाभासी बात किशोरकुमार की बलन का कलाकार ही सोच सकता है. हॉरर और हास्य की जुगलबंदी के लिये स्मशान में अलख जगाने वाले कलेजा लगता है.

आइये किशोर कुमार को उनके जन्मदिन पर याद करते हुए उन्हीं की रची इस पान महिमा का आनंद लीजिये और महसूस कीजिये कि कितना विलक्षण कवि इस हरफ़नमौला फ़नक़ार में हर वक़्त मौजूद रहता था.
पान महिमा:

पान सो पदारथ सब जहान को सुधारत
गायन को बढ़ावत जामें चूना चौकसाई है
सुपारिन के साथ साथ मसाल मिले भाँत भाँत
जामें कत्थे की रत्तीभर थोड़ी सी ललाई है
बैठे हैं सभा माँहि बात करें भाँत भाँत
थूकन जात बार बार जाने का बढ़ाई है

कहें कवि ’किसोरदास’ चतुरन की चतुराई साथ
पान में तमाखू किसी मुरख ने चलाई है

-पं.किसोरदास ’खण्डवावासी’
पता:बम्बई बाजार रोड,गाँजा गोदाम के साथ
सामने लायब्रेरी के निकल वाला बिजली खंबा जिसपे लिखा है
डोंगरे का बालामृत

ग़ौर कीजिये कि किस कसावट के साथ इस छंद के अनुशासन निभाया गया है. ऐसा लगता है जैसे किसी धुरंधर कविराज ने इसे रचा है. हास्य का पुट देने वाले के लिये उन्होंने इस कविराज का पता भी किशोरी छटा में ही दिया है.

एक बार किशोर कुमार के गायक-पुत्र अमितकुमार ने बताया था कि
बाबा (किशोर दा) पंचम दा (स्व.राहुलदेव बर्मन) के साथ एक गीत की रिहर्सल कर रहे थे. पंचम दा किसी पंक्ति को गाते और हारमोनियम पर बजा कर सुनाते तो किशोर दा उस संगीत को सुनकर कहते ’केबीएच-केबीएच’ . एक दो बार कह चुकने के बाद पंचम दा से रहा नहीं गया सो पूछ बैठे दादा ये केबीएच क्या है ? किशोर दा बोले देख पंचम तेरी धुन इतनी बढिया है कि हर बार " क्या बात है " कहने को जी चाहता है तो ये थोड़ा लम्बा हो जाता है तो मैंने तेरे लिये ये एब्रीवेशन बना लिया है केबीए़च......देखें तो ये बहुत साधारण बात है..लेकिन एक कलाकार की स्फ़ूर्तता (स्पाँटिनिटि) क्या ख़ूब बयान करती है.

किशोर दा इन्दौर के क्रिश्चियन कॉलेज में अपने सहपाठियों को अर्थशास्त्र में माल्थस का सिध्दांत भी पूरा का पूरा गाकर सुनाते थे.

किशोरकुमार का जन्मदिन इस बात का पुर्नस्मरण भी करवाता है कि हमने जीते जी कलाकारों की क़द्र नहीं की. आज बमुश्किल किशोर दा की लाइव रेकॉर्डिंग्स उपलब्ध हैं. हमारे तकनीकी रूप से समृध्द समय में आज भी दस्तावेज़ीकरण के लिये चिंता नज़र नहीं आती. किशोरदा के इंटरव्यू बमुश्किल मिलते हैं. ऐसी कोई चीज़ें उपलब्ध ही नहीं हो पातीं जिनसे इस बेमिसाल कलाकार की स्मृतियों को ज़िन्दा रखा जा सके. हम किशोरप्रेमियों को उनके गीतों और फ़िल्मों का ही सहारा है जिसके ज़रिये हम उन्हें हम तक़रीबन हर दिन याद कर लेते हैं.

आइये आज श्रोता-बिरादरी की जाजम पर आपको सुनवाते हैं एक दुर्लभ गीत.
सुनिये और दिन भर किशोर दा को याद कीजिये...




गीत: माइकल है तो साइकिल है
गायक: किशोर कुमार एवं आशा भोंसले
फ़िल्म: बेवकूफ़
संगीतकार: एस. डी . बर्मन
गीतकार:
कलाकार: किशोर कुमार एवं माला सिन्हा
वर्ष: 1960


Video Link : http://www.youtube.com/watch?v=_Q4au-j3pts


आज की इस पोस्ट का विवरण म.प्र.संस्कृति संचालनालय द्वारा प्रकाशित स्मारिका "किशोर विमर्श" और नईदुनिया के प्रकाशन "फ़िल्म-संस्कृति" से साभार.
  • इस गीत को हमारे अनुरोध पर अर्चनाजी ने खोज कर हमें इसका लिंक खोज दिया, अर्चनाजी का भी बहुत बहुत धन्यवाद।

Monday, August 4, 2008

किशोर कुमार अपने जन्‍मदिन पर कुछ कह रहे हैं ।।

 
किशोर कुमार 1929-1987 
सन 87 से अब तक कितने बरस बीत गए,‍ गिनती करना मुश्किल नहीं है । लेकिन ये बहस दुनिया में लगातार चलती रही कि किशोर बेहतर थे या रफ़ी या मुकेश । दुनिया भर में किशोर कुमार के नग़मे भी बजते रहे । और इस बीच ना जाने कितनी पीढियां किशोरावस्‍था से जवानी और जवानी से अधेड़ होने की तरफ़ बढ़ चलीं । लेकिन श्रोता-बिरादरी मानती है कि जो 'किशोर' के गाने सुनता है वो किशोरावस्‍था में ही है । 
किशोर के जन्‍मदिन पर हम कोई भी खिलंदड़ गाना चुन सकते थे और फिर किशोर दा की शान में क़सीदे काढ़ सकते थे । लेकिन श्रोता-बिरादरी संस्‍कारों पर ज़ोर देती है और लीक से हटकर काम करने पर विश्‍वास रखती है । तो चलिए आज एक ऐसा गाना सुनें जिसमें अपनी बात कहने की हिचक है । जिसमें प्‍यार की तरंगों के बीच दिल में उठता संकोच का ज्‍वार है । जिसमें बेक़रारी के साथ हल्‍का-सा डर है । उफ़ ऐसे गाने आज क्‍यों नहीं बनते । 
इस गाने को सुनते हुए सोचिए कि आज का नायक तुषार कपूर परदे पर चिल्‍ला चिल्‍लाकर कह रहा है-'मुझे कुछ कहना है' । और यहां परदे पर किशोर बड़े संकोच से वहीदा रहमान से अपने मन की बात कह रहे हैं । कितना विरोधाभास है दोनों स्थितियों में । इससे आपको अंदाज़ा लग जायेगा कि ज़माना कितना बदल गया है । 
आज मुझे कुछ कहना है ! इतने से भी काफ़ी कुछ कह दिया है इस गीत ने.
और हेमंत दा की दृष्टि देखिये कि जहाँ साहिर कहने में समर्थ हैं वहाँ एक संगीतकार ने धुन की एक परिपक्व ज़मीन देने के अलावा कुछ नहीं कह है.जहाँ शब्द और गायकी सब कुछ कह रही हो वहाँ साज़ की ज़रूरत नहीं है नहीं है.और ऐसा कर के संगीतकार हेमंतकुमार काफ़ी कुछ कह गए हैं.श्रोता-बिरादरी के आपके मेज़बान यानी हम तीनो इस बात को रेखांकित करना चाहेंगे कि किशोर दा में बसे संजीदा गायक को ज़माने ने गंभीरता से नहीं लिया. कई गीत ऐसे हैं जिनमें से आज का गीत विशिष्ट है जहाँ आप शिद्दत से महसूस करते हैं कि किशोर कुमार एक परिपूर्ण गायक थे और हर रंग , सिचुएशन और स्टाइल का गीत उनके स्वर को फ़बता था. वे एक भरी-पूरी म्युज़िकल रूह थे और जिस तरह से उन्होंने संगीत जगत में आमद ली उससे सहज ही अंदाज़ लगाया जा सकता है कि बिना किसी उस्ताद या औपचारिक तालीम के परिदृश्‍य पर छा जाने वाला ये खिलंदड़ गायक एक एक कुदरती करिश्मा था.

बहरहाल आपको बता दें कि ये गाना किशोर कुमार और सुधा मल्‍होत्रा ने गाया है और साहिर ने लिखा है । इस गाने के संगीतकार हैं हेमंत कुमार । विलक्षण है ये गीत । पहले रचना पक्ष की बात कर लें । तो साहिर ने पूरा समां बांधा है--कश्‍ती का खामोश सफर, शाम, तन्‍हाई, लहरों की तन्‍हाई.....लेकिन दिल की बात ज़बां पर आ नहीं रही है । इस गाने में ग़ज़ब की सूक्ष्‍म नाटकीयता है । अगर आप पहली बार गाना सुनें तो लगेगा कि नायक अब अपनी बात कहेगा, अब कहेगा...शायद आखिर में जाकर कह ही देगा । पर किशोर आखिरी पंक्ति में कहते हैं.........छोड़ो अब तो संग ही रहना है । ना कहते हुए भी कितना कुछ कह गए हैं साहिर । गाने ऐसे लिखे जाते हैं ।

गूगल प्‍लेयर पर सुनिए


ओडियो प्‍लेयर पर सुनिए


कश्‍ती का ख़ामोश सफर है शाम भी है तन्‍हाई भी
दूर किनारे पर बजती है लहरों की शहनाई भी
आज मुझे कुछ कहना है ।।
लेकिन ये शरमीली निगाहें मुझको इजाज़त दें तो कहूं
खुद मेरी बेताब उमंगें थोड़ी फुरसत दें तो कहूं
आज मुझे कुछ कहना है ।।
जो कुछ तुमको कहना है वो मेरे ही दिल की बात ना हो
जो है मेरे ख्‍वाबों की मंजिल उस मंजिल की बात हो ।
कहते हुए डर सा लगता है कहकर बात ना खो बैठूं
ये जो ज़रा-सा साथ मिला है ये भी साथ ना खो बैठूं ।
कब से तुम्‍हारे रस्‍ते में मैं फूल बिठाए बैठी हूं ।
कह भी चुको जो कहना है मैं आस लगाए बैठी हूं ।
दिल ने दिल की बात समझ ली अब मुझे क्‍या कहना है
आज नहीं तो कल कह लेंगे अब तो साथ ही रहना है ।
कह भी चुको, कह भी चुको जो कहना है
छोड़ो अब क्‍या कहना है ।।

समय तो बीतता ही जाता है और हम सब अपनी व्यस्तताओं को बढ़ाते ही जाते हैं
लेकिन ये गुज़रे ज़माने का संगीत या कहिये आज मुझे कुछ कहना है जैसे गीत ही
हैं जो समय की गति को थामें हुए हैं . हमें स्मरण दिलाते हुए से कि हम बीत रहे
हैं लेकिन संगीत हमें कुछ पलों को बीतने से रोक रहा है. दिन रात तेज़ और तेज़
तत्काल और तत्काल की तरफ़ भाग रहे समय में ये गीत हमें साइलेंट मैसेज भी दे
रहे हैं कि इंसान नहीं रहता उसका हुनर उसकी क़ाबिलियत के चर्च हमेशा बने रहते हैं
किशोर दा भी करोड़ों संगीतप्रेमियों के बीच बने रहे हैं ; बने रहेंगे.सोच,संगीत,समझ
बदलेगी लेकिन किशोर कुमार जैसा गायक हमेंशा हमारी स्मृतियों में बना रहेगा.

किशोर दा को कोई अच्छी बंदिश पसंद आ जाए तो.... क्या बात है कहने के बजाय
उसको एब्रीवेट करके कहते थे...के.बी.एच....क्या ये गीत सुनने के बाद आप नहीं
के.बी.एच .रमाकु रशोकि (किशोर दा इन्दौर के क्रिश्चियन कॉलेज में अपने मित्रों को
अपना नाम उल्टा कर के ही बताते थे और हाँ सहगल साहब के कई गाने भी उल्टे गाते
थे)......हेप्पी बर्थ डे टू यू किशोर दा !