श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Sunday, August 10, 2008

बीता संगीत कुछ था ही ऐसा कि वाक़ई दिल मचल जाता था.

फ़र्स्ट लव फ़िल्म का ये गीत रेडियो सिलोन से रात दस बजे शुरू होने वाले पुराने गीतों के कार्यक्रम जब बजा करता था तो मध्यमवर्गीय हिन्दुस्तान के कितने ओटलों,छ्तों और पान की दुकानों पर सुरीलापन महक उठता था. शब्द की सरलता की ऊंची पेंग लेता ये गीत सुमन कल्‍याणपुर के उस युवा कंठ की परवाज़ था जब सुनने वालों का दीवानापन चेहरे पर बनावटी नहीं होता था. साठ के दौर तक के भारत का संगीतप्रेमी आर्थिक रूप से कमज़ोर था लेकिन उसके कान सुमन हेमाड़ी यानी सुमन कल्‍याणपुर के इन गीतों से उसे मन से रईस होने की एक प्यारी ख़ुशफ़हमी बनाए रखते थे.सीधी-सादी तबियत की हमारी घर की बहने – बेटियों के युवा मन में महक रहे ख़्वाबों को कितनी तसल्ली दी इन गीतों ने.

दत्ताराम जैसा बेजोड़ संगीतकार शंकर-जयकिशन जैसे जीनियस के साये में काम करता रहा. कितनी धुनों को दत्ताराम की ढोलक की थाप ने मालामाल किया यदि इसकी फ़ेहरिस्त बनाने बैठें तो शायद काफ़ी वक़्त लग जाए.इस गीत में भी देखिये दत्ताराम किस तबियत से ढोलक बजा गए हैं.शुरूआत में बीते हुए दिन के दर्द को वॉयलिन से टेर दी है इस संगीत सर्जक ने.इंटर्ल्यूड में एकॉर्डियन के छोटे छोटे पीस गीत के मार्दव में इज़ाफ़ा करते सुनाई दे रहे हैं .गोवा की पृष्ठभूमि वाले दत्ताराम जी से से एकॉर्डियने के सटीक इस्तेमाल की उम्मीद संगीत जगत करता ही था सो उन्होंने यहाँ साबित भी किया है.

शब्द की नफ़ासत पर श्रोता-बिरादरी हमेशा तवज्जो देती रही है ,कारण यह है कि गीत की लोकप्रियता में शब्द की जो भूमिका रही है उसे आप – संगीतप्रेमी तो समझें और रेखांकित करें.

गायकी के बारे में इतना ही कि आज पेश किये गए गीत जैसे कई गीतों का कौमार्य सुमन कल्‍याणपुर की आवाज़ ने बढ़ाया है. कमाल की बात ये है कि सुमन कल्‍याणपुर की आवाज़ लता जी से इतनी मेल खाती है कि ज़माना इसे लता मंगेशकर की ही आवाज़ समझ लेता है । सुमन जी के कई कई गानों को सुनने वाले बेख़बरी में लता जी का गाना मानते रहते हैं । शायद कभी कोई ऐसा ज़माना आए जब सुमन कल्‍याणपुर की गायकी का सही मूल्‍यांकन हो सके । तब शायद हमें कोई ऐसा सूत्र मिल जाए जब हम इन दोनों आवाजों का सही सही फर्क कर पाएं । इतनी गहरी समानता हो तो भला कोई संशय में क्‍यों ना पड़े । आईये इस गाने की इबारत पढ़ी जाए ।

बीते हुए दिन कुछ ऐसे ही हैं
याद आते ही दिल मचल जाए ।।
अंगड़ाई मुझे यूं आई
टूट गया हाय मेरा अंग-अंग रे
बेदर्दी अब तो आजा
आ ही गया फूलों पे भी मस्‍त रंग रे
बीते हुए दिन कुछ ।।
पंछी रे तू क्‍या जाने
कैसी लगी काहे लगी दिल की लगी रे
तन्‍हाई अब नहीं भाए
आज मेरे दिल में नई प्रीत जगी रे
बीते हुए दिन कुछ ।। 
गुलशन बावरा ने ये गीत लिखा है । गुलशन बावरा भी हिंदी फिल्‍म संसार के ऐसे गीतकार रहे हैं जिनका सही मूल्‍यांकन नहीं हो सका है । गुलशन का ज्‍यादातर काम राहुल देव बर्मन के साथ रहा है । उनका असली नाम था गुलशन मेहता । 'मेरे देश की धरती सोना उगले' सुनते वक्‍त कोई नहीं याद करता कि इसे लिखा किसने । मित्रो इसे गुलशन बावरा ने लिखा । गुलशन ने 'यारी है ईमान मेरा' जैसा गाना भी लिखा । उन्‍होंने इस गाने में बड़ी सादगी से काम लिया है । गाना क्‍या है दिल की सीधी सादी सी बात है । पर दत्‍ताराम की धुन और सुमन की गायकी ने इसमें रंग भर दिया है । तभी तो इतने बरस बाद आज भी हम इसे गुनगुनाते हैं ।



odeo



google player