श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Saturday, August 16, 2008

गायन,वादन और नृत्य की पूर्णता की तलाश को पूरी करती श्रोता-बिरादरी.

दो दिन तक उत्सवी आनंद से सराबोर रहे हैं आप सब. उम्मीद है बहुत मज़ा रहा होता इन पिछले दो दिनों में.अब सोमवार से फ़िर आपको अपने अपने काम की तैयारी में मसरूफ़ हो जाना है तो निश्चित ही अतिरिक्त उर्जा की ज़रूरत महसूस कर रहे होंगे आप. तो तैयार हो जाइये ...वादे के मुताबिक श्रोता-बिरादरी लेकर आ रही है अपनी नियमित रविवारीय प्रस्तुति।

चित्रपट संगीत ने सभी विधाओं को बख़ूबी निभाया है.एक से बढ़कर एक प्रतिभा-सम्पन गायकों ,वादको,अभिनेताओं,गीतकारों और संगीतकारों ने अपने हुनर से जगमगाया है. रविवार की सुबह आपसे मुख़ातिब होती प्रस्तुति एक विलक्षण प्रस्तुति है. संगीतकार के कम्पोज़िशन का कमाल देखिये...शायर ने मनोरंजन परोसते हुए कैसे ज़िन्दगी के फ़लसफ़े का संकेत भी है और देखिये कितने दमख़म से गाया गया है यह गीत अपने ज़माने के जानेमाने पार्श्वगायक ने. चूँकि यह एक परिपूर्ण नृत्य गीत है सो इसमें आपको बेहतरीन वाद्यवृंद भी सुनाई देगा.

मिलते हैं रविवार 17 अगस्त की सुबह

Thursday, August 14, 2008

श्रोता बिरादरी – स्वतंत्रता दिवस – राखी और रविवारीय प्रस्तुति

आप सब को स्वाधीनता-दिवस की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएँ.बधाइयाँ.

श्रोता-बिरादरी का सुरीला सिलसिला आपके प्रतिसाद से समृध्द होता जा रहा है; एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ीकरण का सोपान बनता जा रहा है.आप जैसे अनंत संगीतप्रेमियों के जुड़ाव का स्पंदन हम तक पहुँच रहा है ; हमें अभिभूत कर रहा है.

कल यानी पंद्रह अगस्त को एक विशेष संस्करण लेकर श्रोता-बिरादरी हाज़िर हो रही है. स्वाधीनता दिवस स्पेशल ...वाक़ई कई मामलों में स्पेशल है. आपको मातृभूमि के एक निर्विवाद महानायक का स्मरण करवा देने वाली प्रस्तुति है यह.

एक ख़ुशख़बर और आपके लिये ....शनिवार 16 अगस्त  को रक्षाबंधन का पावन पर्व है. तो उस दिन भी श्रोता बिरादरी कोशिश कर रही है कि एक विशेष गीत आप सुनें और भावनाओं के सागर में गोते लगाएँ.

आप सोच रहे होंगे कि लगातार दो दिन तक श्रोता बिरादरी की बिछात बिछी रहेगी तो क्या रविवार 17 अगस्त का दिन कोरा चला जाएगा.नहीं हुज़ूर ऐसा कैसे हो सकता है. इत्मीनान रखिये इस रविवार को भी श्रोता-बिरादरी आपसे मुख़ातिब होगी और आपस में मिल बैठ सुनेंगे एक और गीत.

आप नोट कर लीजिये और सभी संगीतप्रेमी मित्रों-परिजनों भी बाख़बर कर दीजिये.

फ़िर एक बार जश्ने आज़ादी मुबारक हो और सारे श्रोता बिरादर भाई/बहनों के लिये हम तीनों भाइयों यानी सागर,यूनुस और संजय की ओर से प्रेम के इस त्योहार के लिये अनेक शुभकामनाएँ...पूरे उल्लास से राखी मनाएँ.

जय हिन्द !
और हाँ आपसे अब एक ख़ास गुज़ारिश  : कल आने वाले सारे टेलिफ़ोन/मोबाइल कॉल्स पर वंदेमातरम ज़रूर कहें और अपने तमाम एस.एम.एस  में जय-हिन्द अवश्य लिखें

Saturday, July 19, 2008

रविवारीय सुबह में झरेंगी गीत/संगीत की मनभावन बूँदें.

अब तक तो आपको श्रोता-बिरादरी की आदत पड़ ही गई होगी.हम
आपके प्रेमपूर्ण प्रतिसाद से अभिभूत् हैं और उम्मीद है कि आप
सुरीलेपन को महदूद रखने के इस सिलसिले के हमसफ़र बने रहेंगे.

देश के कई अंचलों में बारिश की आमद हो चुकी है तो कई जगह
सावन अभी भी सूना सूना है. लेकिन संगीत में वह ताक़त है कि
जो मिल जाए उसका उत्सव मनवा देता है और जो नहीं मिला
उसका दर्द भुला देता है. समझ लीजिये कुछ इसी तरह का मजमा
जमा देगी श्रोता बिरादरी की 20 जुलाई की प्रविष्टि.

एक सर्वकालिक गुणी और रचनाशील संगीतकार की बेजोड़ रचना है
यह. श्वेत श्याम कलेवर के दौर में भी संगीत का इन्द्रधनुष रचाती सी.
गीत के बोल ऐसे कि आपको लगे कि ये भाषा तो आप घर में
बोलते आए हैं.....और गायकी...शायद उसे व्यक्त करने के लिये
हमारे शब्द उतने सुरीले नहीं हो सकते; जितनी ये आवाज़ें.

याद रखियेगा; रविवार की सुबह नौ बजे के अनक़रीब श्रोता-बिरादरी
मुख़ातिब होती है आपसे.कल भी ये सिलसिला जारी रहेगा.

हाँ आपको इस पोस्ट से बाख़बर करने का मकसद
इतना भर है कि आप एस.एम.एस. या ई मेल के
ज़रिये श्रोता-बिरादरी की नई पायदान की सूचना
अपने देस-परदेस में बसे मित्रो/परिजनों तक पहुँचा सकें....

आप ख़ुद भी तो श्रोता-बिरादरी का हिस्सा हैं न ?

आइये सुरीलेपन
को संक्रामक बनाएँ.

Sunday, July 13, 2008

वेदना को संगीतमय बनाती मदन मोहन की कालजयी ग़ज़ल- पुण्‍यतिथि पर विशेष

आइये पहले आज श्रोता-बिरादरी के सफ़े पर कैफ़ी आज़मी साहब के शब्दों को पढ़ लें....


आज सोचा तो आँसू भर आए
मुद्दतें हो गईं मुस्कुराए
हर क़दम पर उधर मुड़ के देखा
उनकी महफ़िल से हम उठ तो आए
रह गई ज़िन्दगी दर्द बन के
दर्द दिल में छुपाए-छुपाए
दिल की नाज़ुक रगें टूटतीं हैं
याद इतना भी कोई न आए

सन १९७३ मे प्रकाशित तस्वीर हँसते ज़ख़्म की ग़ज़ल है ये.

छोटी बहर की इस ग़ज़ल का शब्दांकन कैफ़ी आज़मी साहब के क़लम से हुआ है जो चेतन आनंद के बेहद पसंदीदा शायर रहे हैं .चेतन जी ने उनसे फ़िल्म हक़ीक़त में भी नग़मानिगारी करवाई थी.महज़ चार अशाअर की इस ग़ज़ल को सादे काग़ज़ पर लिखा पढ़ें तो आप इसे एक अच्छी ग़ज़ल कह कर आगे बढ़ जाएँ लेकिन जब मदन मोहन के संगीत में बुनी धुन से लता मंगेशकर की आवाज़ आपके कानों में पहुँचती है तो आपको शायरी की ताक़त दो गुनी सुनाई देती है.

१४ जुलाई को संगीतकार मदन मोहन की पुण्यतिथि आती है. इसी महीने ने हमसे मोहम्मद रफ़ी जैसा महान गायक भी छीना था.ये ज़िक्र इसलिये की हमारी जानकारी के मुताबिक मदन मोहन और रफ़ी साहब की बरसी पर सबसे ज़्यादा संगीत कार्यक्रम दुनिया भर के छोटे बड़े शहरों में होते हैं . शायद ये इन दोनो सुर-सर्जकों का कमाल ही है कि वह संगीत-प्रेमियों के दिलोदिमाग़ में हमेशा बने रहते हैं. बहरहाल अब ’आज सोचा तो आँसू भर आए’ की बात हो जाए.

लताजी-मदनजी का संग-साथ जब भी चित्रपट गीतों को मिला है तब पूरा संगीत एक रूहानी दुनिया में तब्दील सा हो जाता है.हम इस पत्थर के संसार में कुछ मुलायम हो जाते हैं और कविता और संगीत की सच्चाई हमारे संसारी मन पर तारी हो जाती है. जब जब भी लता-मदन ग़ज़ल को रचते हैं लगता है दुनिया के ये दो बेजोड़ कारीगर किसी तपस्या से इस रचना को शक़्ल दे लाए हैं.मदन मोहन का संगीत गाते हुए लता इमोशन के स्तर पर शीर्ष पर होतीं हैं.

मदन मोहन का वाद्यवृंद डिसिप्लिन की पराकाष्ठा पर है. पहले अंतरे में गिटार के आधार पर इलेक्टॉनिक वाद्य को चीरती उस्ताद रईस ख़ाँ की सितार जैसे लता जी द्वारा गाए जाने वाले मतले को एक सुरीली ज़मीन बख़्शती है.मदन मोहन , लता और रईस खाँ एक संगीत के ज़रिये एक अदभुत वीराने को सजा रहे हैं.वेदना जैसे चट्टानों से झर कर इंसान के कोमल मन में आ समाई है.विरहणी की चित्कार मानो इस ग़ज़ल को मुस्कुराते हुए निभाना चाह रही है.मदन जी इस फ़िल्म का पूरा इम्पैक्ट बनाए रखने के लिये एक इंटरल्यूड में इसी फ़िल्म के दूसरे बेजोड़ गीत तुम जो मिल गए हो की धुन को भी ख़ूबसूरती से इस्तेमाल किया है. दर्द को जीते हुए मुस्कुराने को शऊर देती ये ग़ज़ल मदन-लता की जुगलबंदी का सुनहरा सोपान है.


Subscribe Free
Add to my Page




मदनमोहन के संगीत संसार की खासियत है वेदनामय गीतों को स्‍वरबद्ध करने में उनकी महारत । ऐसा लगता है कि मदनमोहन के मन में कहीं एक एकाकी व्‍यक्ति छिपा हुआ था । हम आपको बताना चाहेंगे कि मदनमोहन फौजी रहे थे । और फौजी हाथों ने जब बंदूक को टांगकर साज़ों को हाथ में लिया तो संगदिली रंगदिली में बदल गयी । फौजी नग़मों की रसवर्षा करने वाला मोसिकार बन गया । आज हम मदनमोहन की जितनी पूजा करते हैं और उनके नग़मों की जितनी प्रशंसा करते हैं उतनी उन्‍हें जीते जी नहीं मिली । और इस बात का उन्‍हें अफ़सोस रह गया । मदनमोहन की बेमिसाल धुनें कितनी कारगर थीं इसकी मिसाल ये है कि उनके संगीत-ख़ज़ाने की कुछ धुनों को उनके बेटे संजीव कोहली ने यश चोपड़ा की फिल्‍म 'वीर ज़ारा' में इस्‍तेमाल किया तो आज के झमाझम संगीतकारों के मल्‍लयुद्ध में भी मदन मोहन सबसे अलग नज़र आए । मदनमोहन की ये धुनें उस साल की सबसे अच्‍छी धुनों में शामिल हो गयीं । एक गाने की कितनी कितनी धुनें वो बनाते थे इसकी मिसालें कई जगहों पर हैं । कभी फुरसत से इस बारे में बातें की जायेंगी । 

मदन मोहन जैसे महान संगीत सर्जक को श्रोता-बिरादरी की भावपूर्ण श्रध्दांजली देते हुए यही कहना चाहेंगे कि चित्रपट संगीत की दुनिया के इस करिश्माई कलाकार ने जो कुछ इस संसार को दिया है वह कालातीत है. उनके संगीत में लता मंगेशकर की गायकी को सुनना जैसे इस मायावी संसार से गुम हो जाना है.आइये इस गीत को सुनते हुए संगीतकार मदन मोहन के कालजयी रचना संसार को सलाम कहें. इस गाने को आप यहां देख सकते हैं । 

श्रोता-बिरादरी हर रविवार को तकरीबन नौ बजे के आसपास अपनी साप्‍ताहिक प्रस्‍तुति लेकर आती है । ताकि पूरे हफ्ते उस गाने को आत्‍मसात किया जा सके । पिछले सप्‍ताह कुछ मित्रों ने गाना ना बजने की शिकायत की थी, उनसे निवेदन है कि कृपया अडोबे फ्लैश-प्‍लेयर डाउनलोड कर लें । गाना जरूर बजेगा ।