श्रोता बिरादरी - सुनने-सुनाने का सुरीला सिलसिला
Home Page | युनूस खान की - रेडियोवाणी | सागर नाहर की गीतों की महफिल | संजय पटेल की सुरपेटी

Sunday, August 31, 2008

एक अंतरे के गीत में समोया पूरी क़ायनात का दर्द

हमारे चित्रपट संगीत में कुछ ऐसी बेजोड़ बंदिशें रचीं गईं हैं कि कहीं कहीं वे संवाद और दृश्य से ज़्यादा महत्वपूर्ण काम कर गुज़रती है . फ़िल्म देवदास तीन बार बनी है.सबसे पहले इसके नायक के.एल.सहगल रहे, निर्देशन किया प्रमथेश चंद्र बरूआ ने । ,दूसरी बार नायक रहे दिलीपकुमार और निर्देशन किया पहली बार की देवदास में कैमेरामैन रहे बिमल रॉय ने । तीसरी बार इस दशक के मेगा-स्टार शाहरूख़ ख़ान नायक रहे और निर्देशन किया संजय लीली भंसाली ने । एक संयोग देखिये तीनों संस्करणों के संगीत ने लोकप्रियता के झंडे गाड़े. आज श्रोता-बिरादरी पर समीक्षित गीत महज़ एक अंतरे भर का गीत है लेकिन नग़मानिगार साहिर लुधियानवी,संगीतकार सचिनदेव बर्मन और गायक तलत महमूद द्वारा किये गये इस सांगीतिक कारनामे एक विचित्र क़िस्म की वेदना है .यहाँ ग़ौर करने लायक बात ये है कि देवदास की पीड़ा को आवाज़ देते हुए तलत साहब दर्द के शहज़ादे बन गए हैं.उनकी आवाज़ का क़ुदरती कंपन यहा क्या कहर ढा रहा है ज़रा ग़ौर करियेगा. तलत साहब द्वार उड़ेले गये दर्द को सुनते हुए महाकवि ग़ालिब का ये शेर भी मुलाहिज़ा फ़रमाएँ.......

नीम बख़्शीश अज़ाब है यारब
दिल दिया है तो उसमें दर्द भी दे


माना ये जाता है कि बिमल रॉय की बनाई देवदास अपने संगीत और अपने प्रभव की दृष्टि से बेहद प्रभावी थी । और आज भी उसका असर कम नहीं हुआ है । बिमल रॉय ने अपनी 'देवदास' के लिए बड़ी नामी हस्तियां जुटाई थीं । क्‍या आपको पता है कि इस फिल्‍म की पटकथा और संवाद जाने माने कहानीकार राजिंदर सिंग बेदी ने लिखे थे । छायांकन कमल बोस का था । दिलीप कुमार, सुचित्रा सेन, वैजयंती माला और मोतीलाल जैसे कलाकारों ने देवदास को कालजई बना दिया । अब इस गाने को सुनते हुए ये भी सोचिए कि आप आज से तकरीबन तिरेपन साल पहले आई थी ।



तलत साहब ने कितना कम गाया है संख्या की दृष्टि से , लेकिन कितना बेजोड़ गाया है. जनश्रुति है कि इस गीत की सिचुएशन में सचिन दा ने तलत साहब को स्टुडियो में ज़मीन पर लिटा कर ही ये पंक्तियाँ रेकॉर्ड कीं थीं . दिलीपकुमार नशे में धुत सड़क पर पड़े गा रहे हैं सो वह इफ़ेक्ट लेटे लेटे गाने का सचिन दा द्वारा वैसे ही क्रिएट करवाया गया है. साज़ बहुत कम हैं ; महज़ सारंगी है जो तलत साहब की वेदना को विराट कर रही है और गीत अंत होते होते एक टुकड़ा भर सितार बजी है.रिद्म है ही नहीं और हौले हौले से फ़ैलता इस गीत या कहें कविता का जादू आपको एक लम्हा नैराश्य के साक्षात दर्शन करवा देता है.
ये रहे इस गाने के बोल---

मितवा लागी रे ये कैसी अनबुझ आग
व्‍याकुल जियरा, व्‍याकुल नैना
इक इक चुप में, सौ सौ बैना
रह गए आंसू लुट गये राग ।।




Download Link

_____________________________________________________________________________________

चित्र रीडिफ.कॉम और गुयाना फ्रेंड्ज़ से साभार

Sunday, August 17, 2008

एक अदभुत नृत्य गीत-तेरे नैना तलाश करे जिसे वो है तुझ ही में कहीं दीवाने.

साठ का दशक समाप्ति पर था.सचिनदेव बर्मन अपने मजरूह सुल्तानपुरी के गीतों साथ एक नयी फ़िल्म का संगीत रच रहे थे. अब दोस्तो वह दौर आयटम सांग का तो नहीं था लेकिन फ़िर भी फ़िल्म में कभी कभी ऐसी सिचुएशन निकलती थी जब गीत या नृत्य के ज़रिये फ़िल्म का कथानक और मज़बूत होता था. अरे हाँ फ़िल्म का नाम तो बताना ही भूल गए...फ़िल्म थी तलाश.जुबलीकुमार जी की एक और क़ामयाब फ़िल्म.


आइये संगीत के लिहाज़ से इस गीत की चर्चा हो जाए.सचिन दा ने इस नृत्य गीत को गवाया अपने समय के सिध्दहस्त गायक मन्ना डे से. मन्ना दा इसके पहले भी शास्त्रीय संगीत पर आधारित कई लाजवाब गीत लेकर अपनी गायकी का लोहा मनवा चुके थे और इस गीत की धुन तो निश्चित रूप से उनके स्वर की विशेष दरकार रखती थी. मन्ना दा ने अपने संगीतकार के साथ पूरा न्याय किया है इस गीत में.

ये गीत फ़िल्माया गया है या यूँ कह सकते हैं पर्दे पर जिन्होंने इस गीत पर अभिनय किया है वह हैं अपने ज़माने जानेमाने कलाकार शाहू मोडक पर. इस फ़िल्म की शूटिंग के दौरान मोडक जी का कैरियर लगभग ढ़लान पर था. एक समय था जब धार्मिक फ़िल्मो में उन्हें बहुत लोकप्रियता मिली थी. अब इस गीत में उनके एक्सप्रेशन और देहभाषा देखिये , आपको लगेगा हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के किसी घराने का कोई बड़ा गायक आपसे रूबरू है. हाँ शास्त्रीय संगीत की बात निकली तो बताते चलें कि तेरे नैना तलाश करे जिसे ये गीत राग छायानट पर आधारित है. नृत्यगीत में शास्त्रीय संगीत का बेजोड़ काम सचिन दा ने फ़िल्म गाइड में भी पेश किया था (पिया तोसे नैना लागे रे)

तेरे नैना तलाश करें जिसे

मन्ना डे ने गाने की शुरूआत के संक्षिप्त आलाप से ही अपनी क़ाबिलियत इस गीत में साबित कर दी है.मन्ना डे सुर में मुखर होतीं छोटी छोटी मुरकियाँ मोहक बन पड़ीं हैं. शुरूआती तबले की तिहाई मन मोह लेती है.हाँ ये बता देना भी मुनासिब होगा कि इस गीत में ताल वाद्य के रूप में तबला तरंग और मृदंगम का श्रेष्ठ प्रयोग हुआ है. तबला तरंग एक तरह से तबले पर बजने वाले पूरे सात स्वर हैं जो अपने आप में एक अलग वाद्य का आभास देते है.सरोद , सितार और वीणा को भी सचिन दा ने बहुत लाजवाब तरीक़े से समोया है इस बंदिश में.
गीत की दृष्टि से आपको लगेगा कि नायक को संबोधित करते हुए बात कही जा रही है लेकिन साथ ही इन शब्दो में जीवन दर्शन भी व्यक्त किया गया है. मजरूह साहब की शायरी का बेजोड़ नमूना है यह गीत और एक शायर की समर्थता को भी अभिव्यक्त करता हुआ सा. जो कहा गया है व्यक्त रूप में उसके अलावा भी कवित विद इन लाइंन्स कह जाए तो क्या बात है.

फ़िल्में यदि लोकप्रिय है तो उसमें बड़ा योगदान संगीत का है और सचिनदेव बर्मन जैसे संगीतकारों के हाथ में जब कमान हो तो वे साबित कर देते हैं वे लोक-संगीत,शास्त्रीय संगीत और पाश्चात्य संगीत की गहरी समझ रख कर काम करने वाले इंसान थे. ज़िन्दगी का यर्थाथ देखिये शाहू मोडक,राजेन्द्र कुमार,मजरूह सुल्तानपुरी,सचिनदेव बर्मन कोई अब इस दुनिया ए फ़ानी से रूख़सत हो चुके हैं.

अगर आपके संगीतप्रेमी मन को ये गीत छूता है तो निश्चित रूप से यह श्रोता-बिरादर होने के नाते आपकी सच्ची श्रध्दांजली है इन सर्वकालिक महान कलाकारों के प्रति.
चलने से पहले सुनिए संतूर पर इस गाने की धुन । हमें नहीं पता कि इसे किसने बजाया है ।
ये रहे इस गाने के बोल---
खोई खोई आंख है झुकी पलक है
जहां जहां देखा तुझे वहीं झलक है
तेरे नैना तलाश करे जिसे वो है तुझी में कहीं दीवाने
यहां दो रूप हैं हर एक के
यहां नज़रें उठाना ज़रा देख के
जब उसकी मुहब्‍बत‍ में गुम है तू
वही सूरत नज़र आएगी चार सूं
कौन क्‍या है....मन के सिवा ये कोई क्‍या जाने ।।
तेरे नैना ।।
ये जवान रात ले के तेरा नाम
कहे हाथ बढ़ा कोई हाथ थाम
काली अलका के बादल में बिजलियां
गोरी बांहों में चाहत की अगड़ाईयां
जो अदा है इशारा है प्‍यार का
ओ दीवाने तुझे चाहिए और क्‍या
पर रूक जा मन की सदा भी सुन दीवाने
तेरे नैना ।।

आप इस प्लेयर पर भी सुन सकते हैं ये नृत्य-गीत.


अगले हफ़्ते फ़िर मुलाक़ात होगी.....नमस्कार